मुंबई से भागे टैक्सी चालक समेत तीन को पकड़कर बेली में कराया भर्ती

मुंबई में एक विदेशी नागरिक को टैक्सी से अस्पताल पहुंचाने वाले चालक को पकड़कर शुक्रवार को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथ दो और लोग भी भर्ती हुए हैं। ये तीनों कोरोना के मरीजों के संपर्क में आए थे। शुक्रवार को उनको ट्रैस कर नैनी में ट्रेन में पकड़ा लिया गया।

मामला गंभीर होने के कारण तीनों को नैनी से एंबुलेंस द्वारा सुबह आठ बजे बेली अस्पताल के आईसोलेटे वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। तीनों साथी हैं और एक ही ट्रेन से यहां आ रहे थे। तीनों को पकड़ने के लिए स्वास्थ्य टीम के साथ स्थानीय खुफिया और पुलिस विभाग के अफसरों को लगाया गया था। जांच के लिए तीनों का नमूना केजीएमयू लखनऊ भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक टैक्सी चालक प्रतापगढ़ का रहने वाला है। चार दिन पहले उसने मुंबई में अपनी टैक्सी से एक विदेशी नागरिक को अस्पताल पहुंचाया था। विदेशी नागरिक की अस्पताल में ही मौत हो गई। कहा जा रहा है कि विदेशी नागरिक कोरोना की चपेट में था।