देश में कोरोना वायरस के कारण लगाये गए लॉकडाउन का चौथा दिन है। जिसके कारण यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर मजदूरों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। साथ ही प्रशासन को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बड़े नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर मजदूरों को कहीं से भी मदद न मिल पाने पर ट्वीट कर अफसोस जताया है। ये मजदूर लॉकडाउन के बाद पैदल ही अपने घरों के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर रोक दिया है।
प्रियंका ने ट्वीट कर जताया अफसोस
प्रियंका ने यूपी कांग्रेस के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा कि इन मजबूर हिंदुस्तानियों के साथ ऐसा सलूक मत कीजिए। हमें शर्म आनी चाहिए कि हमने इन्हें इस हाल में छोड़ दिया है। ये हमारे अपने हैं। मजदूर देश की रीढ़ की हड्डी है। इनकी मदद करिए।
यूपी कांग्रेस के ट्वीट में कहा गया है कि यूपी की योगी सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार सो गई है, जो इन मजदूरों की मदद के लिए आगे नहीं आ रही है।
गौरतलब है जब से समूचे देश में लॉकडाउन हुआ है, लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस भी लोगों की मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। जगह- जगह से पुलिस वालों की मदद वाली वीडियो सामने आ रहे हैं।