कोरोना की गंभीरता को लेकर जहां अभी भी ज्यादातर लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं वहीं गौरीगंज के कुड़वा रामपुर तथा तिलोई के पेंडारा गांव के ग्रामीणों ने बैरियर लगाकर बाहरी के साथ गांव के लोगों की आवाजाही बंद कर दी है।
लॉकडाउन के बीच जिले के दो गांव के लोगों ने मिसाल पेश की है। गौरीगंज तहसील के गांव कुड़वा रामपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को गांव के बाहर बैरियर लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। एक बैनर लगाकर किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति गांव में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी है।
वहीं तिलोई तहसील के सिंहपुर ब्लॉक के गांव पेंडारा के ग्रामीण कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन का पूरी तरह से समर्थन किया है। गांव की आबादी करीब 200 की है। ग्रामीणों ने एक बैठक कर निर्णय लिया है कि न तो गांव का कोई व्यक्ति बाहर जाएगा और न ही दूसरे गांव के व्यक्ति को गांव के भीतर आने दिया जाएगा।
ग्रामीण शिव वरदान सिंह ने बताया कि हमारे गांव में आने का एक ही रास्ता है। गांव के प्रवेश प्वाइंट पर बैरियर लगाकर लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। कहा कि जब तक शासन की ओर से लॉकडाउन रहेगा तब तक हम लोग पूरी तरह से उसका पालन करेंगे।